Skip to main content

दुर्वाचल (अज्ञेय)


आइये आज एक यायावर की आँखों से प्रकृति को देखते हैं। अज्ञेय अपनी प्रयोगशीलता के लिये सुविख्यात हैं। वे जितना महत्व भाषा को देते हैं उतना ही महत्व शब्दों की मितव्ययिता को भी देते हैं। उनका मानना है कि रचना में एक भी शब्द व्यर्थ में शामिल न हो। कम शब्दों में भी बड़ा अर्थ भरने की विशेषता उन्हें आधुनिक कवि और उससे भी ज्यादा सजग कवि के रूप में स्थापित करती है। उनकी इसी विशेषता को ध्यान में रखते हुए हम उनकी कविता 'दुर्वाचल' का विश्लेषण करेंगें।

हमारा यात्री (अज्ञेय) एक ऐसे पर्वतीय स्थल पर है जिस गिरि का पार्श्व नम्र है, कोमल है। कोमलता का पर्वतों के साथ संयोग अज्ञेय जैसा सजग यात्री ही कर सकता है।
यहाँ चीड़ के वृक्षों की ऊपर जाती पंक्ति ऐसी लग रही है मानो उमंगें डगर चढ़ रही हो।

नीचे की ओर बिछी नदी (बहती नही) अर्थात एक ठहराव है और यह ठहराव गतिहीनता की सूचक नही बल्कि एक शांति का प्रतीक है। 

और फिर अद्भुत बिम्ब का प्रयोग - नदी ऐसी लग रही है मानो एक 'दर्द की रेखा' खिंची हो, जैसे दर्द ने मूर्त रूप धारण कर लिया हो। इसे कहते हैं थोड़े से शब्दों में बड़ा अर्थ भरना।

'विहग-शिशु मौन नीड़ों में
अर्थात इस सुंदर प्रकृति में जीवन भी सांसे ले रहा है किंतु मौन।

'मैंने आँख भर देखा' 
जिसे देख यात्री प्रेम से, करुणा से, वात्सल्य से, आश्चर्य से भर गया है। 

और फिर,

"दिया मन को दिलासा-पुन: आऊँगा।"
भले ही बरस-दिन-अनगिन युगों के बाद !

एक यात्री केवल स्वयं को दिलासा ही दे सकता है कि वह फिर से लौट कर आएगा लेकिन उसे क्या पता कि वह दिनों या वर्षों में आएगा या अनगिनत युगों के बीत जाने के बाद।
तभी यात्री के पुनः आने के संकल्प की साक्षी बनकर दामिनी यूँ प्रकट हुई मानो क्षितिज ने अपनी पलक सी खोली हो और फिर तमककर दामिनी ने यात्री से कहा - 

'अरे यायावर! रहेगा याद?' 

यह अज्ञेय की सर्जनात्मकता का एक छोटा सा उदाहरण था। उनकी दृष्टि में प्रकृति कैसी सजीव हो उठी और आपने ध्यान दिया, केवल यात्री ही प्रकृति को नही निहारते हैं, प्रकृति भी यात्रियों को निहारती है। वह भी प्रतीक्षा करती है उस यायावर का जिसने वादा किया है लौट कर आने का।

Comments

Popular posts from this blog

पिता की याद में

बचपन की ज्यादातर स्मृतियों का धूमिल होना नियत है। निर्ममतापूर्वक कुछ स्मृतियाँ हमसे हाथ छुड़ा कर सदा के लिए विदा ले लेतीं हैं। मेरी माता का निधन मेरे जीवन में एक ऐसी अनिर्वचनीय घटना है जिसका ठीक-ठीक अर्थ मैं आज तक समझ नही पाया हूँ। यह त्रासदी तब घटित हुई जब मेरी आयु मात्र तीन वर्ष की थी। मुझे अपनी माता का चेहरा बिल्कुल याद नही लेकिन फिर भी अपने जीवन के ममता भरे उन तीन सालों में अर्जित एक स्मृति ऐसी है जिसे मैं आज तक नही भूल पाया हूँ- माँ की गोद का सानिध्य और मेरी उंगलियों में उलझा उनका आँचल। मेरी विडंबना यह रही कि आज तक मैं यह तक कल्पना नही कर पाया हूँ कि यदि मेरी माता जीवित रहतीं तो मैं उन्हें 'माँ' कहकर संबोधित कर रहा होता या 'मम्मी' या कुछ और? साथ ही कभी-कभी अपनी मानसिक निर्मित्ति में मैं उन विभिन्न परिस्थितियों की कल्पनाएँ करता हूँ जहां मेरी माँ मुझसे बातें कर रही होती हैं और मैं तय नही कर पाता हूँ कि माँ मुझसे कैसी बातें करतीं, और फिर एक के बाद एक परिदृश्य बदलते रहते और अचानक वास्तविक आनुभविक जगत में कोई हलचल इस मानसिक निर्मित्ति को भंग कर देती और ...
  "न दिन होता है अब न रात होती है सभी कुछ रुक गया है वो क्या मौसम का झौंका था जो इस दिवार पर लटकी हुई तस्वीर तिरछी कर गया है" आज बात एक ऐसी फिल्म की जो न केवल मध्यवर्गीय जीवन की पीड़ा को रेखांकित कर उसके अंतर्द्वंद्व को उघार देती है, बल्कि उसके भीतर के उस महान हृदय को भी स्पर्श करती है जो अपनी लघुता में भी त्याग को, अभाव में भी समर्पण को और असफलता में भी प्रेम को अपनी सबसे बड़ी निधि समझता हैं। "रेनकोट" एक असफल प्रेम के साथ - साथ एक निष्फल जीवन की भी घुटन भरी मार्मिक गाथा है। मनोज, जो जीवन के प्रत्येक मोर्चे पर हारने के बाद अपने आत्मसम्मान की लाश को कन्धे पर लाद कर अपने पुराने मित्रों के आगे हाथ फैला कर मदद माँगने को भागलपुर से कलकत्ता के लिए निकल पड़ा है ताकि अपनी बहन की शादी के लिए पैसे जुटा सके। कलकत्ता में वह अपने हितैषी और मित्र आलोक के घर पर रुक कर अत्यंत संकोच के साथ आगे की योजना बनाता है और बाथरूम में शेव करते हुए अपने हालात पर टूटकर रो पड़ता है। इन कातर सिसकियों की आहट सुनाई देती है आलोक की पत्नी शीला को। शीला, जो सबकुछ होने के बावजूद उस एक अभाव के सूनेपन में...

मानस प्रसंग (4)

हम रामचरितमानस को धार्मिक दृष्टि से देखने के पक्षपाती हैं इसीलिए इस महाकाव्य के उन असाधारण प्रसंगों का मूल्यांकन नही किया जाता है जो अपनी अंतर्वस्तु में लौकिक और मार्मिकता से संपृक्त हैं। जैसे, तुलसीदास जी ने वाल्मीकि रामायण से आगे बढ़कर मानस में जनक वाटिका के राम-सीता मिलन के प्रसंग का सृजन कर स्वयंवर को शक्तिपरीक्षण के स्थान पर प्रेम-विवाह के मंच के रूप में स्थापित किया। अतः मानस को केवल भक्तिकाव्य के रूप में देखे जाने से उसके बहुत सारे पक्ष गौण हो जाते हैं जो मानवीय दृष्टि से हमारे लिए प्रतिमान हैं, जिसमे एकनिष्ठ प्रेम के आदर्श हैं, अपने जीवनसाथी से बिछुड़ने की पीड़ा है, उसके लिए किसी भी सीमा को लांघ जाने का साहस है। तुलसीदासजी ने मानस रचना की प्रक्रिया में अपने काल का अतिक्रमण कर ऐसी प्रगतिशील समन्वयवादी दृष्टि को साधा जिसके कारण किसी भी विचारधारा के आलोचक उन्हें ख़ारिज करने का साहस नही कर सके। आज के मानस प्रसंग की कड़ी में लंकाकाण्ड के पृष्ठों से उद्घाटित सीता-त्रिजटा संवाद का यह अंश भी ऐसा ही अद्भुत कोटि का प्रसंग है जिसे पहली बार पढ़कर आप भी आश्चर्यचकित हो उठेंगे।  लंक...