Skip to main content

मानस प्रसंग (3)

महाकाल की बरात
-सुयश मिश्र 'सजल'
 जिस वर को पाने के लिए भवानी कठोर तपस्या कर रहीं हैं वह स्वयं समाधि में बैठे हुए हैं। एक दामाद के रूप में त्रिपुरारी की कल्पना करके उमा का परिवार, विशेषकर माता, अत्यंत दुःखी है। क्योंकि नारदजी कह गए कि  योगी, जटाधारी, निष्कामहृदय, नंगा और अमङ्गल वेषवाला, ऐसा पति इसको मिलेगा। इसके हाथ में ऐसी ही रेखा पड़ी है। और नारद के वचन कभी मिथ्या नही होते। 

संसार में जिनका कोई नही उन अनाथों के नाथ तो स्वयं शिव है लेकिन शिव का कौन है? वैरागी शिव को विवाह के लिए कौन मनाएगा? समाज में ऐसे एकाकी लोगों का एक बेस्ट फ्रेंड होता है जो इन सब मामलों में माता-पिता या परिवार की भूमिका निभाता है। हर के विवाह में यह रोल स्वयं हरि निभा रहे हैं। उन्होंने शिव को समाधि से जगाया और उनसे यह वरदान लिया कि शिव उमा से विवाह जरूर करेंगें। ध्यान देने योग्य बात है कि ईश्वर किसी की साधना से प्रसन्न होकर वर देते हैं लेकिन महाकाल के सामने प्रकट होकर नारायण स्वयं वर मांग रहे है हैं। ऐसे औढरदानी है शिव, विवाह के लिए तैयार हो गए। अब नारायण अपने प्रिय मित्र के विवाह में पूरा आनंद लेने का मन बना चुकें हैं ।

महाकाल शिव तो वैसे भी भोले हैं उसपर उनके गणों ने उनका श्रृंगार किया है सांपों से, भस्म से और चंद्रमा से। वस्त्र के नाम पर बाघम्बर और सवारी बैल। ऐसे में श्री नारायण यह मौका कैसे छोड़ सकते हैं। वैसे भी नारद मुनि ने विष्णुजी को श्राप देते वक्त क्रोध में उनकी एक यह भी विशेषता बतलाई थी कि 

परम स्वतंत्र न सिर पर कोई । 
भावइ मनहि करहु तुम्ह सोई ⁠।⁠।

तुम परम स्वतन्त्र हो, सिरपर तो कोई है नहीं, इससे जब जो मनको भाता है, वही करते हो।

तो भोलेनाथ के बरात में जब विष्णु जी ने देवांगनाओं को यह कहते सुना कि इस वर के योग्य दुल्हन तो संसार में नही मिलेगी....

तब विष्णुभगवान्‌ने सब दिक्पालों को बुलाकर हँसकर ऐसा कहा—
सब लोग अपने-अपने दलसमेत अलग-अलग होकर चलो ⁠।⁠।

बर अनुहारि बरात न भाई । 
हँसी करैहहु पर पुर जाई ⁠।⁠। 
बिष्नु बचन सुनि सुर मुसुकाने। 
निज निज सेन सहित बिलगाने ।⁠। 

हे भाई! हमलोगों की यह बरात वरके योग्य नहीं है। क्या पराये नगर में जाकर हँसी कराओगे? विष्णुभगवान्‌ की बात सुनकर देवता मुसकराये और वे अपनी-अपनी सेनासहित अलग हो गये ⁠।⁠।

मनहीं मन महेसु मुसुकाहीं । 
हरि के बिंग्य बचन नहिं जाहीं ⁠।⁠।

अपने प्यारे मित्र को यह मनोहर चरित्र करते देख महाकाल भी मुस्कुरा उठे की हरि भी मजे लेना नही छोड़ते है।

इसके बाद तो महाकाल ने भी अपने गणों को आज्ञा दे दी कि अपनी भयंकर वाली टीम को देवताओं के मनोहर समाज से अलग कर के चलो ताकि सबको मालूम हो कि
दूल्हे की बिरादरी में कैसे-कैसे परम् तत्व शामिल हैं।
इसके बाद जो बरात का दृश्य है उसके बारे में क्या कहें?
स्वयं महाकाल अपने शिष्टमंडल को देख मुस्कुरा दिए। बस आनंद लीजिए इस अद्भुत बरात का .....

कोउ मुखहीन बिपुल मुख काहू ।
बिनु पद कर कोउ बहु पद बाहू ⁠।⁠। 
बिपुल नयन कोउ नयन बिहीना । 
रिष्टपुष्ट कोउ अति तनखीना ⁠।⁠।

कोई बिना मुख का है, किसी के बहुत-से मुख हैं, कोई बिना हाथ-पैर का है तो किसी के कई हाथ-पैर हैं। किसी के बहुत आँखें हैं तो किसी के एक भी आँख नहीं है। कोई बहुत मोटा-ताजा है तो कोई बहुत ही दुबला-पतला है ⁠।⁠।

तन खीन कोउ अति पीन पावन 
कोउ अपावन गति धरें ⁠। 
भूषन कराल कपाल कर 
सब सद्य सोनित तन भरें ⁠।⁠। 
खर स्वान सुअर सृकाल मुख 
गन बेष अगनित को गनै ⁠। 
बहु जिनस प्रेत पिसाच जोगि 
जमात बरनत नहिं बनै ⁠।⁠।

कोई बहुत दुबला, कोई बहुत मोटा, कोई पवित्र और कोई अपवित्र वेष धारण किये हुए है। भयङ्कर गहने पहने हाथमें कपाल लिये हैं और सब-के-सब शरीर में ताजा खून लपेटे हुए हैं। गधे, कुत्ते, सूअर और सियार के-से उनके मुख हैं। गणों के अनगिनत वेषों को कौन गिने? बहुत प्रकार के प्रेत, पिशाच और योगिनियों की जमातें हैं। उनका वर्णन करते नहीं बनता।

नाचहिं गावहिं गीत 
परम तरंगी भूत सब ⁠। 
देखत अति बिपरीत 
बोलहिं बचन बिचित्र बिधि ⁠।⁠।⁠ 

भूत-प्रेत नाचते और गाते हैं, वे सब बड़े मौजी हैं। देखने में बहुत ही बेढंगे जान पड़ते हैं और बड़े ही विचित्र ढंग से बोलते हैं ⁠।⁠।⁠

जिन लड़कों को जीजाजी के अग्रिम दर्शन करने की अभिलाषा थी उन्होंने उल्टे पैर भाग कर बरात का वर्णन कुछ इस प्रकार से किया

कहिअ काह कहि जाइ न बाता । 
जम कर धार किधौं बरिआता ⁠।⁠। 
बरु बौराह बसहँ असवारा । 
ब्याल कपाल बिभूषन छारा ⁠।⁠। 

क्या कहें, कोई बात कही नहीं जाती। यह बरात है या यमराजकी सेना? दूल्हा पागल है और बैलपर सवार है। साँप, कपाल और राख ही उसके गहने हैं ⁠।


तन छार ब्याल कपाल भूषन
नगन जटिल भयंकरा ⁠। 
सँग भूत प्रेत पिसाच जोगिनि 
बिकट मुख रजनीचरा ⁠।⁠। 
जो जिअत रहिहि बरात देखत 
पुन्य बड़ तेहि कर सही ⁠। 
देखिहि सो उमा बिबाहु घर घर 
बात असि लरिकन्ह कही ⁠।⁠। 

दूल्हे के शरीर पर राख लगी है, साँप और कपाल के गहने हैं; वह नङ्गा, जटाधारी और भयङ्कर है। उसके साथ भयानक मुखवाले भूत, प्रेत, पिशाच, योगिनियाँ और राक्षस हैं। जो बरात को देखकर जीता बचेगा, सचमुच उसके बड़े ही पुण्य हैं और वही पार्वती का विवाह देखेगा। लड़कों ने घर-घर यही बात कही।

Comments

Popular posts from this blog

पिता की याद में

बचपन की ज्यादातर स्मृतियों का धूमिल होना नियत है। निर्ममतापूर्वक कुछ स्मृतियाँ हमसे हाथ छुड़ा कर सदा के लिए विदा ले लेतीं हैं। मेरी माता का निधन मेरे जीवन में एक ऐसी अनिर्वचनीय घटना है जिसका ठीक-ठीक अर्थ मैं आज तक समझ नही पाया हूँ। यह त्रासदी तब घटित हुई जब मेरी आयु मात्र तीन वर्ष की थी। मुझे अपनी माता का चेहरा बिल्कुल याद नही लेकिन फिर भी अपने जीवन के ममता भरे उन तीन सालों में अर्जित एक स्मृति ऐसी है जिसे मैं आज तक नही भूल पाया हूँ- माँ की गोद का सानिध्य और मेरी उंगलियों में उलझा उनका आँचल। मेरी विडंबना यह रही कि आज तक मैं यह तक कल्पना नही कर पाया हूँ कि यदि मेरी माता जीवित रहतीं तो मैं उन्हें 'माँ' कहकर संबोधित कर रहा होता या 'मम्मी' या कुछ और? साथ ही कभी-कभी अपनी मानसिक निर्मित्ति में मैं उन विभिन्न परिस्थितियों की कल्पनाएँ करता हूँ जहां मेरी माँ मुझसे बातें कर रही होती हैं और मैं तय नही कर पाता हूँ कि माँ मुझसे कैसी बातें करतीं, और फिर एक के बाद एक परिदृश्य बदलते रहते और अचानक वास्तविक आनुभविक जगत में कोई हलचल इस मानसिक निर्मित्ति को भंग कर देती और ...
  "न दिन होता है अब न रात होती है सभी कुछ रुक गया है वो क्या मौसम का झौंका था जो इस दिवार पर लटकी हुई तस्वीर तिरछी कर गया है" आज बात एक ऐसी फिल्म की जो न केवल मध्यवर्गीय जीवन की पीड़ा को रेखांकित कर उसके अंतर्द्वंद्व को उघार देती है, बल्कि उसके भीतर के उस महान हृदय को भी स्पर्श करती है जो अपनी लघुता में भी त्याग को, अभाव में भी समर्पण को और असफलता में भी प्रेम को अपनी सबसे बड़ी निधि समझता हैं। "रेनकोट" एक असफल प्रेम के साथ - साथ एक निष्फल जीवन की भी घुटन भरी मार्मिक गाथा है। मनोज, जो जीवन के प्रत्येक मोर्चे पर हारने के बाद अपने आत्मसम्मान की लाश को कन्धे पर लाद कर अपने पुराने मित्रों के आगे हाथ फैला कर मदद माँगने को भागलपुर से कलकत्ता के लिए निकल पड़ा है ताकि अपनी बहन की शादी के लिए पैसे जुटा सके। कलकत्ता में वह अपने हितैषी और मित्र आलोक के घर पर रुक कर अत्यंत संकोच के साथ आगे की योजना बनाता है और बाथरूम में शेव करते हुए अपने हालात पर टूटकर रो पड़ता है। इन कातर सिसकियों की आहट सुनाई देती है आलोक की पत्नी शीला को। शीला, जो सबकुछ होने के बावजूद उस एक अभाव के सूनेपन में...

मानस प्रसंग (4)

हम रामचरितमानस को धार्मिक दृष्टि से देखने के पक्षपाती हैं इसीलिए इस महाकाव्य के उन असाधारण प्रसंगों का मूल्यांकन नही किया जाता है जो अपनी अंतर्वस्तु में लौकिक और मार्मिकता से संपृक्त हैं। जैसे, तुलसीदास जी ने वाल्मीकि रामायण से आगे बढ़कर मानस में जनक वाटिका के राम-सीता मिलन के प्रसंग का सृजन कर स्वयंवर को शक्तिपरीक्षण के स्थान पर प्रेम-विवाह के मंच के रूप में स्थापित किया। अतः मानस को केवल भक्तिकाव्य के रूप में देखे जाने से उसके बहुत सारे पक्ष गौण हो जाते हैं जो मानवीय दृष्टि से हमारे लिए प्रतिमान हैं, जिसमे एकनिष्ठ प्रेम के आदर्श हैं, अपने जीवनसाथी से बिछुड़ने की पीड़ा है, उसके लिए किसी भी सीमा को लांघ जाने का साहस है। तुलसीदासजी ने मानस रचना की प्रक्रिया में अपने काल का अतिक्रमण कर ऐसी प्रगतिशील समन्वयवादी दृष्टि को साधा जिसके कारण किसी भी विचारधारा के आलोचक उन्हें ख़ारिज करने का साहस नही कर सके। आज के मानस प्रसंग की कड़ी में लंकाकाण्ड के पृष्ठों से उद्घाटित सीता-त्रिजटा संवाद का यह अंश भी ऐसा ही अद्भुत कोटि का प्रसंग है जिसे पहली बार पढ़कर आप भी आश्चर्यचकित हो उठेंगे।  लंक...